हाथ में त्रिशूल, माथे पर त्रिपुंड..सोमनाथ मंदिर पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को गुजरात के ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की और सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लिया। इस दौरान पूरा माहौल शिवभक्ति में डूबा हुआ नजर आया।
यह पर्व 1026 में महमूद गजनी के हमले की 1,000वीं वर्षगांठ के अवसर पर मनाया जा रहा है। पीएम मोदी ने मंदिर में 'ओंकार मंत्र' का जाप किया और विशेष पूजा-अर्चना में भाग लिया। मंदिर परिसर में भक्त और स्थानीय लोग पीएम मोदी का स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सोमनाथ मंदिर में आयोजित ड्रोन शो इस कार्यक्रम की सबसे खास झलक रहा। इस शो में भगवान शिव और शिवलिंग की विशाल इमेजेज, सोमनाथ मंदिर का 3D दृश्य, इतिहासिक घटनाओं का डिजिटल रिव्यू देखने को मिला। करीब 3,000 ड्रोन का इस्तेमाल किया गया, जिससे यह देश के किसी मंदिर परिसर में अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन शो बन गया।

सदियों से कई हमलों और विनाश प्रयासों के बावजूद, सोमनाथ मंदिर आज भी भारतीय आस्था और राष्ट्रीय गर्व का प्रतीक है। इसकी पुनःस्थापना में सामूहिक प्रयास और दृढ़ निश्चय की भूमिका रही, जो इसे आज भी पहले जैसी शान और गरिमा के साथ खड़ा करती है।
रविवार सुबह 9:45 बजे पीएम मोदी शौर्य यात्रा में हिस्सा लेंगे। यह यात्रा उन वीरों को श्रद्धांजलि देती है जिन्होंने सोमनाथ मंदिर की रक्षा में अपने प्राण बलिदान किए। यात्रा में 108 घोड़ों का प्रतीकात्मक जुलूस शामिल होगा, जो साहस और बलिदान का संदेश देता है। शाम को जब प्रधानमंत्री मंदिर परिसर पहुंचे, तो नजारा देखने लायक था। पीएम मोदी तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। इस दौरान वे वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगे और राज्य के औद्योगिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उद्घाटन भी करेंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए लोग सड़कों पर उमड़ आए और उनका जोरदार स्वागत किया। XYD