अंतरराष्ट्रीय योग दिवस "उत्तराखंड में बही योग की गंगा"
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज देवभूमि योगमय हो गई। मैदान से पहाड़ तक हर किसी पर योग का रंग चढ़ा दिखा। वहीं, चारधाम से लेकर औली में भी योग किया गया। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत के बनबसा में भव्य कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वहीं, राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम हुआ।
योग दिवस पर मंत्री विधायकों से लेकर आम जनता ने भी योग से रहें निरोग का संदेश दिया।
धर्मनगरी हरिद्वार में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में योग उत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान उत्तराखंड के लोकगीतों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गईं। योग दिवस पर जहां देश-दुनिया से योग की भव्य तस्वीरें सामने आ रही हैं, वहीं आस्था के केंद्र देवप्रयाग संगम तट से एक बेहद निराशाजनक तस्वीर देखने को मिली। हर साल योग दिवस के नाम पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने वाले नेता, प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न विभागों के कर्मचारी इस बार संगम घाट से पूरी तरह नदारद रहे।
इस बार यहां योग दिवस की औपचारिकता सिर्फ राष्ट्रीय कैडेट कोर के नौ कैडेटों और उनके एक शिक्षक के भरोसे पूरी होती दिखाई दी। योग दिवस के विशेष अवसर पर औली स्थित आईटीबीपी स्कीइंग संस्थान के जवानों ने 13,780 फीट की ऊंचाई पर रोहतांग की बर्फीली चोटियों पर योगाभ्यास कर नया कीर्तिमान रचा है। इन दिनों टीम स्किंग का प्रशिक्षण भी ले रही है।
बदरीनाथ धाम में 23 वीं वाहिनी के डिप्टी कमांडेंट महावीर सिंह आईटीबीपी माणा चौकी के ओर से आयोजित किया गया। वहीं, योग स्वामी रामदास के साथ 10 देशों से आए विदेशी मेहमानों ने चरनपादुका नीलकंठ बेस पर किया योग।
देहरादून एयरपोर्ट पर आर्ट ऑफ लिविंग संस्था द्वारा एक विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई), विभिन्न एयरलाइंस और सीआईएसएफ के अधिकारियों, कर्मचारियों ने भाग लिया।