वेनेजुएला की राजधानी में अमेरिका ने किया भीषण हमला

वेनेजुएला की राजधानी में अमेरिका ने किया भीषण हमला

वेनेजुएला की राजधानी काराकास में शनिवार, 3 जनवरी की रात एक के बाद एक कई धमाके हुए। राजधानी में एयरक्राफ्ट की तेज आवाजें भी सुनी गईं। वेनेजुएला सरकार ने इस संबंध में तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

काराकास में हुए इन हमलों को देखते हुए और एयरक्राफ्ट की आवाज सुनकर कई लोग घरों पर बाहर निकल आए। इन हमलों को अमेरिका की चेतावनी से जोड़कर देखा जा रहा है। वेनेजुएला में ये धमाके ऐसे समय हुए हैं जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने सोमवार, 29 दिसंबर को वेनेजुएला के खिलाफ जमीनी हमले की आशंका जताई। डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि संयुक्त राज्य अमेरिका ने वेनेजुएला की ड्रग नौकाओं के डॉकिंग क्षेत्र पर हमला कर उसे नष्ट कर दिया।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के दावे के बाद वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने सोमवार के हमले की न तो पुष्टि की और न ही खंडन किया। लेकिन गुरुवार, 1 जनवरी को निकोलस मादुरो ने कहा कि अमेरिकी सैन्य दबाव के हफ्तों बाद वे वॉशिंगटन के साथ सहयोग करने के लिए तैयार हैं।

वेनेजुएला के राष्ट्रपति ने दावा किया कि वॉशिंगटन से उन्हें सत्ता से हटाने की कोशिश की जा रही है, क्योंकि वेनेजुएला के पास पृथ्वी पर तेल का सबसे बड़ा ज्ञात भंडार है। डोनल्ड ट्रंप बीते कई हफ्तों से वेनेजुएला में मादक पदार्थों के गिरोहों पर जमीनी हमले की धमकी दे रहे हैं और कह रहे हैं कि ये हमले जल्द ही शुरू होंगे, जिसका पहला स्पष्ट उदाहरण सोमवार को देखने को मिला।

अमेरिकी सेना ने सितंबर से कैरेबियन सागर और पूर्वी प्रशांत महासागर में नौकाओं पर एक के बाद एक कई हमले किए हैं, जिनका निशाना वे लोग बने, जिन्हें अमेरिका मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले बता रहा है।

हालांकि, अमेरिकी प्रशासन ने इस बात का कोई सबूत नहीं दिया है कि वह नौकाएं मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल थीं, जिससे इस अभियान की वैधता पर बहस छिड़ गई है।