स्मृति मंधाना-दीप्ति शर्मा इतिहास रचने की दहलीज पर
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना और ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ऐतिहासिक उपलब्धियों के बेहद करीब हैं। भारत और श्रीलंका के बीच पांच मैचों की महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज 21 दिसंबर से विशाखापत्तनम में शुरू हो रही है, जो आगामी महिला टी20 विश्व कप की तैयारियों का अहम हिस्सा होगी।
स्मृति मंधाना महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 4000 रन पूरे करने वाली पहली भारतीय बल्लेबाज बनने की दहलीज पर हैं। यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली खिलाड़ी न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स थीं। अब तक मंधाना ने 153 टी20 मैचों में 3982 रन बनाए हैं। इनमें उनके बल्ले से एक शतक और 31 अर्धशतक निकले।

ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वकालिक सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बनने से सिर्फ पांच विकेट दूर हैं। फिलहाल यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की मेगन शट के नाम है (151 विकेट)। दीप्ति ने अब तक खेले 129 मुकाबलों में 147 विकेट झटके हैं। इस दौरान उनका इकोनॉमी 6.12 रही। दीप्ति एक और अनोखे कीर्तिमान के करीब हैं। वह महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में 1000 रन और 150 विकेट का डबल पूरा करने वाली पहली क्रिकेटर बन सकती हैं। यह उपलब्धि अब तक पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय में भी किसी ने हासिल नहीं की है।
नवंबर में भारत ने महिला वनडे विश्व कप जीतकर अपना पहला आईसीसी खिताब हासिल किया था। हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में भारतीय महिला टीम ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराया। अब टीम का ध्यान टी20 प्रारूप पर है, जहां अगले साल विश्व कप खेला जाना है।
श्रीलंका सीरीज के लिए घोषित भारतीय टीम में लेफ्ट-आर्म स्पिनर वैष्णवी शर्मा और 17 वर्षीय बाएं हाथ की बल्लेबाज जी कमालिनी को पहली बार मौका मिला है। भारत महिला टी20 विश्व कप के फाइनल में अब तक सिर्फ एक बार (2020) पहुंचा है, जहां उसे ऑस्ट्रेलिया से हार मिली थी।