अमेरिका ने मादुरो के परिवार और सहयोगियों पर लगाए नए प्रतिबंध

अमेरिका ने मादुरो के परिवार और सहयोगियों पर लगाए नए प्रतिबंध

अमेरिका ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के शासन पर दबाव बढ़ा दिया है। अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को मादुरो के परिवार और उनके करीबी सहयोगियों को लक्षित करते हुए नए प्रतिबंधों की घोषणा की। यह कदम वेनेजुएला में भ्रष्टाचार और नशीली दवाओं से जुड़ी गतिविधियों को रोकने के मकसद से उठाया गया है।

वित्त मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, विदेशी संपत्ति नियंत्रण कार्यालय (ओएफएसी) ने मादुरो और उनकी पत्नी सिसिलिया फ्लोरेस के रिश्तेदारों और सहयोगियों को चिह्नित किया है। इसमें पहले से ही प्रतिबंधित पनामा के कारोबारी रामोन कारेटरो नापोलिटानो और मादुरो की भाभी के भतीजे कार्लोस एरिक मालपिका फ्लोरेस के परिवार के सदस्य शामिल किए गए हैं। मालपिका के माता-पिता, बहन, पत्नी और बेटी को भी प्रतिबंधित किया गया है।

अमेरिकी विदेश मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा, आज वित्त मंत्रालय ने उन व्यक्तियों पर प्रतिबंध लगाए जो निकोलस मादुरो के अवैध और ड्रग शासन का समर्थन कर रहे हैं। मादुरो और उनके सहयोगी हमारे क्षेत्र की शांति और स्थिरता के लिए खतरा हैं। हम उनके अवैध शासन का समर्थन करने वाले नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई करेंगे।

वित्त मंत्रालय ने कहा कि अब सूचीबद्ध व्यक्तियों की अमेरिका में संपत्ति और उनके किसी भी प्रकार के वित्तीय लेन-देन रोक दिए गए हैं। अमेरिकी नागरिक और संस्थाएं इन व्यक्तियों या संगठनों के साथ लेन-देन नहीं कर सकते, जब तक कि ओएफएसी से विशेष अनुमति न मिले। उल्लंघन करने पर नागरिक और आपराधिक दंड लगाया जा सकता है।