बिहार सरकार ने 3 लाख 47 हजार 589 करोड़ का बजट पेश किया

बिहार सरकार ने 3 लाख 47 हजार 589 करोड़ का बजट पेश किया

कुमार शमिताभ (पटना)। नीतीश सरकार ने 2026-27 का बजट पेश किया। सरकार ने 3 लाख 47 हजार 589 करोड़ का बजट पेश किया है, जो पिछले बजट से 30,694.74 करोड़ ज्यादा है। बिहार में 5 नए एक्सप्रेस-वे बनेंगे। सभी सिंगल लेन वाली सड़कें डबल होंगी। नीतीश सरकार ने बिहार में किसान सम्मान निधि योजना की राशि डेढ़ गुना कर दी है।

सरकार ने जननायक कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत की है। इसके तहत किसानों को हर साल में 3000 रुपए मिलेंगे। यह राशि पीएम किसान सम्मान निधि की मौजूदा राशि के साथ ही डीबीटी के माध्यम से किसानों के खाते में सीधे ट्रांसफर की जाएगी। वित्त मंत्री बिजेंद्र यादव ने कहा, ‘पिछले कुछ सालों में बजट का आकार बढ़ा है। ज्ञान, ईमान, विज्ञान, अरमान और सम्मान से बिहार तेजी से आगे बढ़ेगा। ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ की दिशा में सरकार काम कर रही है।’ 2025-26 में बिहार की आर्थिक वृद्धि 14 .9 फीसदी की दर से बढ़ने का अनुमान है। बिजेंद्र यादव ने 12 मिनट में बजट भाषण खत्म किया।

बिहार को टैक्स से 65 हजार 800 करोड़ रुपए प्राप्ति का अनुमान है। इसमें वाणिज्य कर से 50 हजार करोड़, स्टांप एवं निबंधन शुल्क से 10 हजार करोड़, परिवहन कर से 5 हजार करोड़ और भू-राजस्व मद से 800 करोड़ रुपए का आंकलन है। वहीं, राजकोषीय घाटा 4.16 प्रतिशत है। चालू वीत्तिय वर्ष में राजकोषीय घाटा लगभग 39,400 करोड़ रुपए का अनुमान है। राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा बजट भाषण के बाद विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा हुई। जहां विपक्ष ने लॉ-एंड-ऑर्डर और भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया।

वहीं बीजेपी के विधायक भगवान कुशवाहा ने कहा कि राजद को भ्रष्टाचार पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है। वहीं सुबह की कार्यवाही के दौरान सदन में NEET छात्रा रेप-मौत केस का मामला उठा। मामले पर भाकपा माले के काराकाट विधायक अरुण सिंह कार्यस्थगन प्रस्ताव लेकर आए। वो इस पर बहस कराना चाहते थे, लेकिन स्पीकर ने उनके प्रस्ताव को रद्द कर दिया। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। कार्यवाही की शुरुआत में मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह ने शपथ ली।