खालिदा जिया के बेटेतारिक रहमान की 17 साल बाद बांग्लादेश वापसी
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान 17 साल बाद देश लौट आए हैं। वे गिरफ्तारी से बचने के लिए 2008 में लंदन भाग गए थे। तब हसीना सरकार में उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के कई मामले चल रहे थे।
आज तारिक के स्वागत में उनकी पार्टी BNP के 1 लाख से ज्यादा कार्यकर्ता जुटे। ढाका एयरपोर्ट से लेकर 300 फीट रोड तक रोड शो किया। इस 13 किलोमीटर के रास्ते को कवर करने में उन्हें 3 घंटे का समय लगा। तारिक ने 17 मिनट भाषण दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम देश में शांति कायम करेंगे और नया बांग्लादेश बनाएंगे। हालांकि उन्होंने शेख हसीना को लेकर एक शब्द भी नहीं कहा।

इसके बाद तारिक ने एवरकेयर अस्पताल में अपनी मां से मुलाकात की। बांग्लादेश में अगले साल 12 फरवरी को आम चुनाव होने हैं। खालिदा जिया के बीमार होने की वजह से माना जा रहा है कि रहमान अगले PM के दावेदार हो सकते हैं। तारिक रहमान ने कहा कि कुछ वर्चस्ववादी ताकतों के एजेंट अभी भी बांग्लादेश के खिलाफ साजिशों में लगे हुए हैं।
तारिक ने युवाओं से देश को आगे ले जाने की जिम्मेदारी उठाने को कहा। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश का पुनर्निर्माण लोकतांत्रिक नींव और मजबूत आर्थिक आधार पर होना चाहिए। भीड़ को संबोधित करते हुए उन्होंने शरीफ उस्मान बिन हादी की हाल ही में हुई हत्या का जिक्र किया और उन्हें एक बहादुर सदस्य बताया। तारिक ने कहा कि हादी, 1971 में मारे गए लोग और तानाशाही के दौर में जबरन गायब किए गए और हत्याओं के शिकार हुए लोगों का खून बेकार नहीं जाना चाहिए।