अश्लील वीडियो मामले में कर्नाटक के डीजीपी रामचंद्र राव निलंबित
कर्नाटक पुलिस के शीर्ष अधिकारी रामचंद्र राव पर गाज गिरी है। अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद राज्यपाल थावरचंद गहलोत के आदेश पर रामचंद्र राव को निलंबित कर दिया गया है। राज्य सरकार की तरफ से जारी आदेश के मुताबिक 1993 बैच के कर्नाटक कैडर के आईपीएस अधिकारी रामचंद्र राव को आपत्तिजनक वीडियो के वायरल होने के बाद तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। राज्य में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की सरकार ने निलंबन की जो कार्रवाई की है, इसके संबंध में जारी सरकारी आदेश के मुताबिक पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) डॉ. के रामचंद्र राव, कर्नाटक पुलिस की नागरिक अधिकार प्रवर्तन शाखा के महानिदेशक का पदभार संभाल रहे थे।

राज्य सरकार के इस शीर्ष पुलिस अधिकारी के निलंबन का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में अब तक सामने आई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राव ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और गृह मंत्री जी परमेश्वर से मुलाकात का प्रयास भी किया। हालांकि, दोनों लोगों से राव की मुलाकात नहीं हो सकी। निलंबित डीजीपी राव अभिनेत्री रान्या राव के पिता भी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने वायरल वीडियो विवाद पर कहा, सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही क्लिप फर्जी है और उन्हें इसके श्रोत के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
बता दें कि महिलाओं के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखे गए राव की क्लिप वायरल होने के बाद राज्य में राजनीतिक के साथ-साथ प्रशासनिक तूफान भी खड़ा होने की आशंका है। इस मामले के तूल पकड़ने के बाद राज्य की विपक्षी राजनीतिक पार्टी- भाजपा ने सरकार को कटघरे में खड़ा किया। भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री सुरेश कुमार ने कहा, सरकार राव जैसे प्रभावशाली लोगों का संरक्षण कर रही है। भाजपा नेता सुरेश कुमार ने कहा, राव के आचरण से पूरा पुलिस महकमा कलंकित हुआ है। आम लोग पुलिस को शक की निगाह से देखेंगे। सोने की तस्करी का मामला सामने आने के बाद सरकार ने उन्हें जबरन छुट्टी पर भेजकर पल्ला झाड़ने का प्रयास किया था। इस मुद्दे की गंभीरता से जांच होनी चाहिए।