अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने कोर्ट में जमा कराया अपना मोबाइल
रोशनाबाद कोर्ट पहुंचीं उर्मिला सनावर, जमा कराया अपना फोन, बोलीं- अंकिता भंडारी को मिला आधा अधूरा न्याय
बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में ऑडियो और वीडियो के जरिए कथित 'वीआईपी' के नाम का खुलासा का दावा कर चर्चाओं में आई अभिनेत्री उर्मिला सनावर आज हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित कोर्ट पहुंचीं. जहां उर्मिला ने जांच से जुड़े अपने मोबाइल फोन को न्यायालय के समक्ष जमा कराया और अपनी वॉयस के सैंपल भी दिए।
उर्मिला सनावर की ओर से दावा किया जा रहा है कि यह वही मोबाइल है, जिसमें अंकिता हत्याकांड से जुड़े अहम साक्ष्य और ऑडियो रिकॉर्डिंग मौजूद हैं. ऑडियो सामने होने के बाद बहादराबाद और झबरेड़ा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था. एसआईटी की ओर से उर्मिला सनावर से पूछताछ भी की जा चुकी है. अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े वायरल ऑडियो प्रकरण में शुक्रवार को जिला न्यायालय में हाजिर होकर अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने अपना मोबाइल फोन जमा करा दिया।
न्यायालय की निगरानी में निर्धारित प्रक्रिया के तहत मोबाइल कोर्ट में सील कर सुरक्षित रखा गया। वहीं, प्रकरण में नामजद पूर्व विधायक सुरेश राठौर स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अदालत में उपस्थित नहीं हो सके। उनकी ओर से अधिवक्ता ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर अगली तिथि तक का समय मांगा। अदालत ने आवेदन को संज्ञान में लेते हुए आगामी सुनवाई की तारीख तय कर दी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रोशनाबाद कोर्ट परिसर और आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। अदालत परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जबकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए लगातार गश्त की जाती रही। इस दौरान मामले के विवेचक इंस्पेक्टर आरके सकलानी और इंस्पेक्टर योगेश दत्त के साथ ही सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा भी पुलिस टीम के साथ अदालत में मौजूद रहे। XYZ