भारतीय रेलवे में डिजिटल क्रांति... रेलवन एप से टिकट पर छूट
भारतीय रेल ने कहा कि रेलवन मोबाइल एप से जनरल टिकट बुक कराने पर यात्रियाें को तीन प्रतिशत की छूट मिलेगी। रेलवे की ओर से यह विशेष सुविधा मकर संक्रांति यानी 14 जनवरी से दी जाएगी।
यात्रियों की सुविधा और डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने के लिए अनारक्षित टिकटों की बुकिंग पर तीन प्रतिशत की छूट का निर्णय लिया है। 14 जनवरी से 14 जुलाई तक यह सुविधा लागू रहेगी। आर-वालेट को छोड़कर रेलवन एप पर उपलब्ध यूपीआइ, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग जैसी सभी डिजिटल भुगतान माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक करने पर यात्रियों को इस छूट का लाभ मिलेगा।
रेलवन एप के आर-वालेट से अनारक्षित टिकट बुक करने पर पहले से ही तीन प्रतिशत कैशबैक बोनस मिल रहा है। यानी यात्रियों को डिजिटल भुगतान करने पर सीधी तीन प्रतिशत छूट और आर-वालेट से भुगतान करने पर तीन प्रतिशत कैशबैक भी उपलब्ध है।
रेलवन एप पर डिजिटल भुगतान से अनारक्षित टिकट बुक करने पर यात्रियों को लाभ सुनिश्चित होगा। रेलवन एप एक ही मंच पर आरक्षित, अनारक्षित एवं प्लेटफार्म टिकट की बुकिंग, ट्रेन की लाइव लोकेशन, पीएनआर स्टेटस, कोच पोजिशन, भोजन बुकिंग, शिकायत/सुझाव, पार्सल ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं प्रदान करता है।